पुलिस का मानना है कि दस किलो सोना लूट की बदमाशों ने सटीक रैकी के बाद वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों को पूरी जानकारी थी कि व्यापारी कहां और किसके पास गए। उनके पास दस किलो सोना है। इसे देखते सराफा बाजार की कई दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस का मानना है कि इस लूट में मेरठ के बदमाश हैं। एसएसपी मंजिल सैनी ने मेरठ क्राइम ब्रांच को इस मामले में लगाया है।
एक व्यापारी को लाए थे साथ
क्राइम ब्रांच की टीम एक व्यापारी को साथ लाई थी, जिसने सभी छह दुकानों के पते बताए। बाजार बंद मिलने पर पुलिस ने सराफा बाजार के व्यापारी नेता से संपर्क साधा। जिसके बाद जांच की। सराफा व्यापारियों ने बताया कि रविवार को तीनों व्यापारी दस किलो सोना लेकर आए थे। सौदा नहीं बना तो वापस चले गए। इससे ज्यादा उनको जानकारी नहीं है।
मेरठ में व्यापार करना चाहते थे
पुलिस के मुताबिक दिल्ली समेत कई जगहों पर इस ज्वैलरी कंपनी का प्रचार अभिनेत्री करीना कपूर करती हैं। अब यह कंपनी मेरठ में अपना व्यापार खड़ा करना चाहती थी। इसी उद्देश्य से कंपनी से जुडे़ तीनों व्यापारी दस किलो सोना लेकर मेरठ में आए थे। इस वारदात के बाद कंपनी ने मेरठ में व्यापार करने से किनारा कर लिया है।
व्यापारी की भूमिका संदिग्ध
क्राइम ब्रांच टीम के साथ एक पीड़ित व्यापारी भी आया था। जिससे पुलिस बार-बार पूछ रही थी कि बता दे कि दस किलो सोना कहां गया? पुलिस को पीड़ित व्यापारियों की भूमिका भी संदिग्ध लग रही है। पुलिस की जांच व्यापारियों पर टिकी हुई है। तीनों व्यापारियों के मोबाइल फोन की सीडीआर भी निकाली गई है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/