ये लोग रोजाना लालकुर्ती, थापरनगर, आबूलेन व आसपास के अन्य क्षेत्रों में ये लोग ठेलों पर घूम-घूम कर सब्जी बेचने के काम में जुटे हैं। ये लोग उस कोरोना पॉजिटिव सब्जी व्यापारी के भी लगातार संपर्क में थे जिसकी नवीन मंडी में आढ़त है।
ऐसे में संक्रमण की लंबी चेन इन क्षेत्रों में बन सकती है। इसके अलावा कोरोना पॉजिटिव सब्जी व्यापारी तीन भाई हैं और तीनों ही सब्जी का कारोबार करते हैं। सभी रविंद्रपुरी में ही रहते हैं। इन सभी के सैंपल भी लिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी।
बेगमपुल, सदर में लगाते थे ठेले
रविंद्रपुरी के कुछ लोगों की सदर सब्जी मंडी में परमानेंट दुकानें हैं तो कुछ ठेलों पर सब्जी और फल बेचते हैं। इसमें कुछ परिवारों ने हाल ही में फल और सब्जी बेचने का कार्य शुरू किया था। कुछ लोग इनमें बेगमपुल, रजबन, जीरो माइल, लालकुर्ती आदि स्थानों पर चाट, समोसे और फास्ट फूड के ठेले लगा रहे थे, लेकिन अब थापरनगर, बेगमबाग, कचहरी मार्ग, सदर और रजबन क्षेत्र में ठेलों पर जाकर सब्जी बेच रहे हैं।
भैसाली मैदान में भी पहुंचे थे व्यापारी
सदर सब्जी मंडी से जब भैसाली मैदान में मंडी शिफ्ट की जानी थी तब अधिकारियों ने सदर के सब्जी विक्रेताओं से बातचीत की थी। सब्जी विक्रेता भैसाली मैदान में सब्जी की दुकान लगाने का विरोध कर रहे थे। इन व्यापारियों में कुछ व्यापारी रविंद्रपुरी के भी थे। उस समय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कैंट बोर्ड और पुलिस अधिकारी भी वहां मौजूद थे।