मतदान करने के लिए लाइन लगी महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
लोकसभा चुनाव में इस बार मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट पर अच्छा मतदान हुआ। लेकिन मतदाताओं के उत्साह ने प्रत्याशियों के लिए जीत-हार के गणित को उलझा दिया है। देहात के किठौर क्षेत्र में एससी व मुस्लिम इलाकों के साथ अन्य वर्गों के मतदान केंद्रों पर भी मतदान अच्छा हुआ। इससे गठबंधन और भाजपा प्रत्याशी के बीच कांटे की टक्कर दिखी।
मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट पर इस बार कैंट विधानसभा को छोड़ दें तो बाकी पर मतदान बेहतर रहा। शहर विधानसभा के मुस्लिम सहित एससी बहुल इलाकों में मतदान का आंकड़ा औसतन 70 प्रतिशत के पार रहा। जबकि भाजपाइयों ने भी अनेक बूथों पर 85 प्रतिशत तक मतदान कराया, उनका औसत भी गठबंधन के औसत के आसपास ही रहा। मेरठ दक्षिण विधानसभा सीट पर कुल मतदान 62.72 प्रतिशत हुआ, जिसमें मुस्लिम-एससी बहुल इलाकों में मतदान का औसत प्रतिशत 65 प्रतिशत के आसपास जा रहा है, जबकि हिंदू बहुल इलाकों में जहां भाजपा का वोटर माना जाता है, वहां भी करीब इतना ही मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया।
किठौर विधानसभा जिसमें सर्वाधिक मतदान हुआ, वहां भी मामला बराबरी का नजर आ रहा है। यहां कुल मतदान 69.90 प्रतिशत रहा है। इस सीट पर मुस्लिम एससी बहुल क्षेत्र में जहां 60 से 80 प्रतिशत तक मतदान हुआ, तो अन्य हिंदू बहुल इलाकों में भी 52 से 88 प्रतिशत तक वोटिंग हुई। सभी जाति और वर्गों के मतदाताओं ने यहां मुकाबला बराबरी पर लाकर खड़ा कर दिया। कैंट विधानसभा में मतदान 60 प्रतिशत से कम हुआ है, जोकि भाजपा के लिए चिंता का विषय हो सकता है, क्योंकि यह भाजपा का गढ़ माना जाता है।
नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/