इस्लामी तालीम के सबसे बड़े मरकज दारुल उलूम ने आजादी के 72 साल के बाद बड़ा फैसला लिया है। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर दारुल उलूम ने गुरुवार को छुट्टी का एलान किया है। इतना ही नहीं इस दिन होने वाली परीक्षा को भी रद्द कर दिया गया है। यह परीक्षा अब शुक्रवार को संपन्न कराई जाएगी। इस परीक्षा में ढाई हजार से अधिक छात्र सम्मलित होने हैं।
आजादी के बाद यह पहला अवसर पर जब दारुल उलूम में यह निर्णय लिया गया है। बुधवार को दारुल उलूम के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी बनारसी की ओर से छुट्टी का नोटिस चस्पा कराया गया है। जिसमें मतदान को देखते हुए इदारे में पूर्णतया छुट्टी रखे जाने को कहा गया है। इस दौरान संस्था के सभी कार्यालय भी बंद रहेंगे। इसके साथ ही एलान में गुरुवार को होने वाली छात्रों की परीक्षा को भी रद्द कर दिया गया है। यह परीक्षा शुक्रवार को संपन्न कराई जाएगी।
बताया गया है कि परीक्षा दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण में करीब ढाई हजार से ज्यादा छात्र शामिल होंगे। वहीं, इस्लामी तालीम के दूसरे बड़े इरादे दारुल उलूम वक्फ में भी मतदान के दिन छुट्टी का एलान किया गया है। संस्था में स्थित हुज्जतुल इस्लाम एकेडमी के डायरेक्टर और मोहतमिम मौलाना सुफियान कासमी के बेटे मौलाना डॉ. शाकेब कासमी ने बताया कि मतदान को देखते हुए इदारे में गुरुवार को छुट्टी रखे जाने का एलान किया गया है। दारुल उलूम की तरह ही यहां भी होने वाली परीक्षा को रद्द किया गया है। जिसे शुक्रवार को संपन्न कराया जाएगा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/