मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सांसद राजेंद्र अग्रवाल और गठबंधन प्रत्याशी पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के खिलाफ एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह के निर्देश पर थाना नौचंदी और ब्रह्मपुरी में आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज कराया गया है।
इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी रघुराज सिंह ने बताया कि गठबंधन के उम्मीदवार याकूब कुरैशी ने 21 मार्च की रात को लिसाड़ी रोड पर बिना अनुमति के सभा की। पुलिस ने इस मामले की जांच कराई तो पता चला कि सभा के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई जिस पर गठबंधन प्रत्याशी याकूब कुरैशी और 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है।
वहीं, इंस्पेक्टर नौचंदी नीरज सिंह का कहना है कि भाजपा से प्रत्याशी सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने शनिवार को चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया था। उद्घाटन के आयोजन की आयोजक विवेक रस्तौगी ने अनुमति ली थी लेकिन वहीं पर चुनावी सभा भी आयोजित कर दी गई। पुलिस की तरफ से प्रत्याशी राजेंद्र अग्रवाल और विवेक रस्तौगी समेत 250-300 अज्ञात लोगों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/