घाटा पूरा करने के लिए लूट की झूठी सूचना पुलिस को दी
तलाशी लेने पर ठेके में ही मिली 2.09 लाख रुपये की नकदी
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। सदर बाजार के सोतीगंज में अंग्रेजी शराब के ठेके के मालिक धर्मवीर ने रविवार रात 11 बजे घाटा पूरा करने के लिए साढ़े तीन लाख रुपये की लूट की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस को सूचना दी। जांच में फर्जी लूट का खुलासा होने पर पुलिस ने आरोपी गया। ठेके के अंदर ही बिक्री के 2 लाख नौ हजार रुपये मिल गए। पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में ले गया है।
शहर के गांधीनगर गढ़ रोड निवासी धर्मवीर का सदर बाजार थाना क्षेत्र में सोतीगंज गुरूद्वारा रोड पर अंग्रेजी शराब का ठेका है। उसने सदर बाजार थाने पर करीब साढ़े तीन लाख रुपये की लूट की सूचना दी। बताया कि वह ठेका बंदकर घर जाने की तैयारी में था। वह स्कूटी के पास खड़ा था तभी पैदल आए तीन बदमाश उससे करीब साढ़े तीन लाख रुपये का थैला लूटकर थापर नगर की ओर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। सीसीटीवी कैमरे देखे गए, कहीं पर भी तीन बदमाश आते या जाते नहीं दिखाई दिए। पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ करते हुए ठेके की तलाशी ली तो बिक्री के दो लाख नौ हजार रुपये अंदर रखे मिल गए। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
एसएसपी डॉ विपिन ताडा ने बताया कि ठेकेदार को शराब बिक्री में घाटा हो रहा था, वित्तीय वर्ष का अंतिम माह चल रहा है, घाटा पूरा करने के लिए उसने लूट की फर्जी सूचना दी थी। उसके खिलाफ झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया है।