निगम वाहन डिपो में शराब पार्टी, वीडियो वायरल
मेरठ। नगर निगम के डिपो प्रभारी और इंस्पेक्टरों का सूरजकुंड वाहन डिपो पर ही शराब और कबाब का आनंद लेने का फोटो वायरल हुआ है। यह मामला नगर विकास मंत्री तक पहुंच गया है।
सूरजकुंड में नगर निगम का वाहन डिपो है। पूर्व नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. प्रेम सिंह द्वारा वायरल की गई फोटो में सूरजकुंड डिपो प्रभारी अरुण खरखौदिया और दिल्ली रोड डिपो प्रभारी गजेंद्र सिंह मौजूद हैं। वहीं पांच- छह सफाई इंस्पेक्टर और सफाई नायक भी हैं। टेबल पर शराब, कबाब सजा है। सभी लोग दावत का आनंद लेते नजर आ रहे हैं।
डिपो प्रभारी अरुण खरखौदिया ने इन वायरल फोटो को एक विवाह समारोह की बताया है। वहीं, मामले की शिकायत नगर विकास मंत्री को भेजने वाले हेमंत कुमार का विवाद डिपो प्रभारी गजेंद्र सिंह से होने की बात कही। बताया हेमंत कुमार दिल्ली रोड वाहन डिपो पर आउटसोर्स कर्मचारी था। उसने डिपो प्रभारी के साथ अभद्रता की थी। जिस कारण जांच के बाद नौकरी से निकाल दिया गया था।
उधर, हेमंत कुमार ने नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन को शिकायती पत्र भेजकर सरकारी कार्यालय में शराब पार्टी करने का आरोप लगाया है। साथ ही शराब पार्टी में शामिल कर्मचारियाें के निलंबन की मांग की है।
नगर आयुक्त डा. अरविंद कुमार चौरसिया और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. गजेंद्र कुमार से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।