मेरठ। शास्त्रीनगर डी-ब्लॉक स्थित आवास-विकास द्वारा बनाए गए सामुदायिक हॉल की बदहाली पर सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। सांसद ने कहा कि एक हजार वर्ग मीटर में बने इस हॉल की हालत खस्ता हो चुकी है। इसके ठीक होने से यहां शादी, सगाई सहित अन्य कार्यक्रम हो सकते हैं। इससे होने वाली आय से भी इसका रखरखाव हो सकेगा। उन्होंने इसके अलावा भी आवास-विकास की बेकार पड़ी संपत्तियों के रखरखाव के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश देने के लिए मुख्यमंत्री से निवेदन किया।
जर्जर हो गए आयकर विभाग के 62 मकान
मेरठ। शास्त्रीनगर स्थित एल-ब्लॉक में आयकर विभाग के 62 मकान जर्जर हो गए हैं। इन मकानों में विभाग के अधिकारी और कर्मचारी नहीं रहते हैं। 104 वर्गमीटर में बने इन मकानों की प्रति मकान कीमत लगभग 40 लाख है। इस मामले को लेकर सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखा है। दीवारों में दरारें और घास उग आने से वहां अन्य स्थानीय निवासियों को भी परेशानी होने लगी है। सांसद ने वित्त मंत्री से संपत्ति की समुचित व्यवस्था करने के लिए आयकर विभाग को आदेश देने के लिए कहा है।