लक्ष्मी देवी आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ
मवाना। लक्ष्मी देवी आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के प्रथम दिन भाला फेंक, गोला फेंक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें छात्राआें ने शानदार प्रदर्शन किया। प्राचार्य ने कहा कि खेल शारीरिक, मानसिक और आत्मिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है।
महाविद्यालय में प्राचार्या डॉ. शक्ति साहनी के संरक्षण तथा खेल अध्यक्ष डॉ. नीलम प्रमोद की अध्यक्षता में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात डॉ. साहनी ने मशाल जलाकर पूर्व धाविका नीतू को दी। सभी खिलाड़ियों ने मशाल लेकर दौड़ लगाई। डॉ. साहनी ने कहा कि खेल शारीरिक, मानसिक तथा आत्मिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है। मानवीय मूल्यों के लिए विकास के लिए खेल भावना एक औषधि है।
प्रथम दिन भाला फेंक में बीए प्रथम वर्ष की अंजली, बीए तृतीय वर्ष की महिमा तथा बीए प्रथम वर्ष की रुबी, गोला फेंक में बीए तृतीय वर्ष की काजल, बीए प्रथम वर्ष की रुबी तथा बीए प्रथम वर्ष की राशि, तश्तरी फेंक में बीए तृतीय वर्ष की काजल, बीए तृतीय वर्ष की नीतू तथा बीए प्रथम वर्ष की स्वाति सैनी ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त किया। पद्म तालिका में प्रथम वर्ष में बीए प्रथम वर्ष ने एक स्वर्ण, एक रजत तथा तीन कांस्य, तृतीय वर्ष ने दो स्वर्ण तथा दो रजत पदक प्राप्त किए।