छह दिन में खुले मकान का गेट, नहीं तो होगी महापंचायत
सरूरपुर। धार्मिक स्थल की तरफ मकान का गेट लगाने के मामले में डाहर गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। सोमवार को गांव के हनुमान मंदिर में बजरंग दल समेत हिंदू संगठनों के लोगों ने बैठक की। बैठक में चेतावनी दी गई कि अगर छह दिन में मकान का गेट नहीं खुलवाया गया तो महापंचायत की जाएगी जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।
डाहर गांव में मस्जिद की तरफ एक व्यक्ति ने अपने मकान का गेट लगा दिया था जिसे लेकर गांव में सांप्रदायिक माहौल गरमा गया था। सोमवार को गांव में बजरंग दल समेत हिंदू संगठनों की बैठक हुई। बैठक में बजरंग दल के सह प्रांत मंत्री राजकुमार डुंगर, विभाग संयोजक मिलन सोम ने कहा कि छह दिन में मकान का गेट खुलना चाहिए। बैठक में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। बैठक में राकेश, जिला संयोजक मनु त्यागी, जिला सह संयोजक सूरज राणा, जिला गोरक्षा प्रमुख अमित, राजपाल सरपंच, दीपक, अमर सिंह, अमरदीप, बुद्ध सिंह, जयकुमार आदि मौजूद रहे। संवाद