इससे पहले 30 सितंबर को सपा समर्थकों ने कलक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन भी किया था। प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन और मांग पत्र एडीएम सिटी को दिया था। 25 सितंबर को ग्वालियर शहर के फूलबाग मैदान में गुर्जर समाज के 15,000 लोगों का सम्मेलन आयोजित हुआ था।
सम्मेलन समाज के लोगों ने गुर्जर सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा के अनावरण की मांग को लेकर किया था। आरोप है कि कलक्ट्रेट पर पहले से ही तैनात जिला प्रशासन ने ज्ञापन देने आए गुर्जर समाज के लोगों पर आंसू गैस के गोले छोड़ने शुरू कर दिए और लाठीचार्ज कर दिया। लोगों को बुरी तरह पीटा गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
गुर्जर समाज के लोगों के वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। गुर्जर समाज के लोगों की घरों में जाकर पिटाई की गई। जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोगों पर रासुका सहित गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए।
गुर्जर समाज की मांग है कि गुर्जर समाज पर अत्याचार तुरंत बंद किया जाए। ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा घटना से पूर्व और घटना के बाद दर्ज सभी मुकदमों को वापस लिया जाए और गुर्जर सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा का अनावरण किया जाए। दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कारवाई की जाए।