भूमाफिया यशपाल के गुर्गे धीरज डिगानी की संपत्ति कुर्क
- एसटीएफ ने दिल्ली के जगतपुरी थाने में जमा कराया सामान
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। भूमाफिया यशपाल तोमर पर शिकंजा कसने के बाद अब एसटीएफ ने उसके गुर्गे पर भी कार्रवाई करते हुए कुर्की की है। यशपाल के गुर्गे पर इनाम घोषित करने की तैयारी भी एसटीएफ ने शुरू कर दी है। एसटीएफ ने उसके गुर्गे के सामान की कुर्की करने के बाद दिल्ली के जगतपुरी थाने में जमा कराया गया है। एसटीएफ यशपाल तोमर की 153 करोड़ की चल-अचल संपत्तियां पहले ही कुर्क कर चुकी है।
यशपाल का पूरा नेटवर्क उसका गुर्गा दिल्ली के जगतपुरी निवासी धीरज डिगानी संभालता है। मूल रूप से राजस्थान का निवासी धीरज ने वकालत की पढ़ाई की है और फर्राटेदार अंग्रेजी बोलता है। धीरज ही यशपाल की तरफ से उसके हर टॉरगेट के खिलाफ दर्ज होने वाले झूठे मुकदमे की पटकथा तैयार करता था। करीब आठ साल से यशपाल के मुख्य सहयोगी के तौर पर कार्य कर रहे धीरज डिगानी का दिमाग इस दिशा में चलता है कि कैसे आमजन को झूठे मुकदमे में फंसाकर उसकी संपत्ति हड़पनी है। एसटीएफ उसकी धरपकड़ में भी जुटी थी लेकिन वह हाथ नहीं आ सका। एसटीएफ ने धीरज के खिलाफ कुर्की के आदेश कोर्ट से प्राप्त करते हुए कुर्की की कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि कुर्की की कार्रवाई कर ली गई है लेकिन अभी भी धीरज की तलाश में एसटीएफ जुटी है।