कंकरखेड़ा में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में सामने आए कई नाम
हर ओवर और टीम पर लगा रहे सट्टा, तलाश में जुटी पुलिस टीम
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। आईपीएल-2026 के मैचों पर यस-नो के जरिये लाखों रुपयों के सट्टे के दांव लगाए जा रहे हैं। कंकरखेड़ा में पकड़े गए तीन आरोपियों से पूछताछ में पुलिस और स्वाट टीम को जानकारी मिली है कि कई स्थानों पर सट्टा खिलाया जा रहा है। इसके चलते टीम सट्टा खिलाने वालों की तलाश में जुट गई है।
थाना कंकरखेड़ा पुलिस व स्वाट टीम ने बुधवार को सरधना रोड स्थित ड्रीम सिटी कॉलोनी में दीपक जैन के मकान पर छापा मारा था। पुलिस ने यहां से सरधना निवासी दीपक जैन, अरुण जैन और विमल जैन को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और मौके से एलईडी टीवी, 11 मोबाइल फोन, 4300 रुपये, एक डेबिट कार्ड और अन्य उपकरण बरामद किए थे। आरोपी मोबाइल एप्लीकेशन के जरिये सट्टे के दांव लगाते थे। आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह व्हाट्सएप के ग्रुपों से जुड़कर लोगों को सट्टा खिलवाते हैं।
उन्होंने बताया कि उनके अलावा भी जिले में कई लोग इस अवैध धंधे में लिप्त हैं और युवाओं को बर्बाद करने में जुटे हैं। आरोपियों का कहना है कि मोबाइल एप्लीकेशन में मिलने वाले निर्देश पर वह हर मैच, हर पारी के अलावा हर ओवर में सट्टा लगाते हैं। इसमें कितने ओवर में कितने रन का टारगेट बताकर यस-नो पूछा जाता है। कुछ लोग यस पर दांव लगाते हैं तो कुछ लोग नो पर पैसा लगाते हैं। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में कुछ जानकारियां मिली हैं। टीम उस पर काम कर रही हैं। जल्द अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
-