महिला को दूसरी मंजिल की छत से फेंका, हालत गंभीर
मेरठ। मोदीपुरम क्षेत्र के गोविंदपुरी में बृहस्पतिवार रात एक महिला को दूसरी मंजिल की छत से फेंक दिया गया। इससे उसकी हालत गंभीर है। वह अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। इससे पहले भी दहेज के लिए महिला का उत्पीड़न किया जा रहा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव जैनपुर गांव निवासी अमर सिंह की बेटी रेणु का विवाह करीब आठ वर्ष पूर्व कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गोविंदपुरी मोहल्ला निवासी पुष्पेंद्र के साथ हुआ था। अमर सिंह का आरोप है कि ससुराल के लोग लगातार बड़ी रकम का इंतजाम करने की बात कह रहे थे। आरोप है कि कई बार उनकी बेटी को खाना भी नहीं दिया गया।
इस मामले को लेकर दोनों पक्षों में कई बार वार्ता भी हुई, लेकिन इसका कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार रात पति पुष्पेंदर, ससुर ओमबीर, सास उषा और देवर अभिषेक ने रेणु को दूसरी मंजिल की छत से नीचे फेंक दिया। इससे उसकी हालत गंभीर बनी है। उसे कैलाशी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेणु के दोनों पैरों की हड्डी टूट गई है। पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए। केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।