मेरठ। दशहरा पर्व के बाद पर्याप्त सफाई नहीं होने के कारण शहर में कूड़े के ढेर लग गए। जिस कारण नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम के अधिकारी भी इस ओर से उदासीन बने हुए हैं।
शहर में दशहरा पर्व पर अनेक स्थानों पर दशहरा मेले लगे। इस दौरान रावण आदि के पुतले भी जलाए गए। पर्व और मेले के कारण शहर में जगह-जगह गंदगी हो गई। रविवार को अवकाश होने के कारण नगर निगम की ओर से पर्याप्त सफाई नहीं कराई गई। जिस कारण शहर में सभी स्थानों पर सफाई का अभाव देखने को मिला। शहर में सदर बाजार, रोडवेज, दिल्ली रोड, बेगम पुल, घंटाघर आदि स्थानों पर कूड़े के ढेर नजर आए। नगर निगम के अधिकारियाें का कहना है कि सोमवार सुबह शहर में पूरी तरह से सफाई करा दी जाएगी। संवाद