दौराला- मृतक सोहनपाल का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन
दौराला (मेरठ)। थाना दौराला क्षेत्र के दादरी गांव में शुक्रवार सुबह को घने कोहरे के कारण दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आकर ग्रामीण सोहनपाल (38) की मौके पर ही मौत हो गई। सोहनपाल सर्दी से बचने के लिए अपने घर के बाहर ही हाईवे की सर्विस रोड पर अलाव ताप रहा था।
कुछ लोगों के अनुसार सुबह घना कोहरा था। इस कारण ट्रैक्टर-ट्राॅली के चालक को सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड ठीक से दिखाई नहीं दिए। इसी दौरान अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राॅली ने सोहनपाल को चपेट में ले लिया। सोहनपाल की चीख सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण बाहर आए। उन्होंने सोहनपाल को लहूलुहान हालत में पाया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोड़कर चालक भाग गया।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस और ग्रामीणों ने सोहनपाल को अस्पताल पहुंचाया। यहां सोहनपाल की मौत हो गई। सोहनपाल की मौत से उसके घर में मातम छा गया। उसकी पत्नी सरिता और चार बच्चे बिलखते रहे। परिजनों ने बताया कि सोहनपाल मजदूरी करता था। सीओ चंद्र प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार देर शाम तक परिजनों ने पुलिस को तहरीर नहीं दी थी। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। वहीं, शव को मोर्चरी भेज दिया गया।
-