बकरीद पर खुले में पशुओं की कुर्बानी पर रोक रहेगी। साथ ही कुर्बानी के लिए ऊंट भी शहर और देहात में नहीं घुमाए जाएंगे। इस संबंध में शासन ने सभी जिलों के पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को निर्देश जारी किए हैं। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि दो सितंबर को बकरीद है। इसको लेकर सभी थानों में दोनों समुदाय के गणमान्य लोगों की शांति समिति की बैठक की जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि कहीं भी सार्वजनिक स्थान या खुले में किसी भी पशु की कुर्बान नहीं दें। यदि सार्वजनिक स्थान पर या कहीं रास्ते या गली में किसी भी पशु की कुर्बानी दी तो पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
कुर्बानी के लिए शहर में घुमाते ऊंट
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कुर्बानी से पहले ऊंट भी एक मोहल्ले से दूसरे स्थान तक घुमाए जाते थे, लेकिन बार ऊंट घुमाने पर भी पाबंदी लगा दी गई है। एसपी सिटी का कहना है कि सभी सीओ ओर थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गये कि खुले में कुर्बानी दी गई तो पुलिस कार्रवाई करेगी। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में कई बार खुले में पशु की कुर्बानी को लेकर दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ जाते हैं और सांप्रदायिक तनाव का माहौल बन जाता है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। उधर, सरकार के आदेश की अवहेलना करते हुए शहर में जगह-जगह ऊंटों की प्रदर्शनी लगाई गई।