स्वर्ण मंदिर से आए रागी भाई हरविंद्र सिंह ने गुरुबाणी की अमृत वर्षा की
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। श्री गुरु हरिकिशन साहिब के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा थापरनगर में विशेष कीर्तन समागम हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य ग्रंथी ज्ञानी चरणप्रीत सिंह ने गुरुवाणी पाठ से किया। ग्रंथी भाई दिनेशपाल सिंह ने अरदास संपन्न कराई।
प्रीतम सिंह ने गुरुबाणी का गायन कर संगत को निहाल किया। अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब से आए प्रसिद्ध रागी भाई हरविंद्र सिंह ने गायन कर श्रद्धालुओं को गुरुबाणी के संदेश से जोड़ा। सभा के उपाध्यक्ष सरदार रणजीत सिंह जस्सल ने कहा कि गुरु साहिबानों की ज्योति और संदेश सदैव एक समान रहे। उन्होंने बताया कि गुरु हरिकिशन साहिब मात्र आठ वर्ष की आयु में गुरुगद्दी पर सुशोभित हुए और मानव सेवा, करुणा तथा विनम्रता का संदेश दिया।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह 7:30 से 9:30 बजे और रात 8 से 10 बजे तक प्रकाश पर्व के मुख्य कार्यक्रम होंगे। इन विशेष दीवानों में स्वर्ण मंदिर, अमृतसर से आए भाई हरविंद्र सिंह गुरुबाणी कीर्तन करेंगे। इस अवसर पर सभा के उपाध्यक्ष रणजीत सिंह नंदा, महासचिव हरप्रीत सिंह, सुरिंदर सिंह भल्ला आदि रहे।