आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगवाने वाला सरगना दिल्ली में बैठकर हाई प्रोफाइल लोगों को जोड़ता है। पुलिस की जांच में इसका खुलासा हुआ है। उसके बाद शहर के हाई प्रोफाइल 18 लोग पुलिस ने रडार पर लिए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगी है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सिल्वर पर्ल होटल में मुखबिर की सूचना पर साइबर सेल ने सोमवार को ऑनलाइन आईपीएल मैच पर सट्टा लगाने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार किए थे। होटल मैनेजर समेत इन आरोपियों पर पुलिस बड़ी कार्रवाई करने की फिराक में है।
आरोपियों को पुलिस कस्टडी में लेकर गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि ऑनलाइन सट्टा खिलवाने में दिल्ली का सरगना शामिल है। एसएसपी का दावा है कि सट्टा लगाने वालों में मेरठ शहर के कई हाई प्रोफाइल लोग भी शामिल हैं। जिसे लेकर पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है। ऑनलाइन सट्टा लगाने वालों से ही ठगी भी ज्यादा हो रही है। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टे पर पैसा लगाने वाले हाई प्रोफाइल 18 लोग रडार पर हैं।
होटल का नक्शा भी गलत बताया
पुलिस का दावा है कि सिल्वर पर्ल होटल का नक्शा मानचित्र के अनुसार नहीं है। पुलिस द्वारा एक चिट्ठी एमडीए को भी लिखी जाएगी। पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज लेने का प्रयास किया था।
अमर उजाला पहले ही जता चुका था अंदेशा
आईपीएल मैच में होटलों में हाई प्रोफाइल लोग सट्टा लगा रहे हैं। इसका खुलासा अमर उजाला ने एक सप्ताह पहले किया था। मेरठ पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही थी। सट्टा ऑनलाइन चल रहा था। सरगना की गिरफ्तारी के बाद मेरठ में स्पष्ट हो जाएगा कि कौन-कौन आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगा रहे थे।
आईपीएल पर सट्टा लगाने वाला सरगना दिल्ली में बैठा है। सट्टा लगाने में मेरठ के कई हाई प्रोफाइल लोग भी शामिल हैं। पुलिस ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटा ली हैं। पुलिस की टीम दिल्ली में सरगना की तलाश में गई है।
-अजय साहनी, एसएसपी