बिजनौर में गांव सदुपुरा में बृहस्पतिवार देर शाम एक युवती के साथ छेड़खानी की घटना का विरोध करने पर युवती के पिता गोपाल (45) और मां समरकली (40) को धारदार हथियार से ताबड़तोड़ प्रहार कर हत्या कर दी गई। इस घटना में दोनों पक्षों के छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें चार की गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया।
घटना बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े सात बजे हुई। सदुपुरा निवासी गोपाल की पुत्री के साथ गांव के ही मंगत का बेटा गौरव छेड़खानी करता था, इसे लेकर पहले भी दोनों पक्षों के विवाद हुआ था। बृहस्पतिवार शाम फिर से युवती के साथ छेड़खानी की गई, जिस पर फिर से दोनों पक्ष भिड़ गए। दूसरे पक्ष के हमले में घायल गोपाल की पत्नी समरकली की मौके पर ही मौत हो गई। गोपाल, उसका बेटे भूरा(21) व नीरज (18), दूसरे पक्ष से मंगत (65), उसके बेटे नरेंद्र व बेटा गौरव घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। उपचार के दौरान गोपाल ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल मंगत, नरेंद्र, गौरव व भूरे को मेरठ रेफर किया गया है। नीरज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोपाल का दस साल का बेटा सूरज भी घटना के बाद से गायब है। काफी तलाश करने पर भी उसका कुछ पता नहीं चला है। एसपी अतुल शर्मा के मुताबिक दोनों पक्षों में जमकर चाकूबाजी हुई है। चाकूबाजी में पति-पत्नी की मौत हुई है। घटना के कारणों का पता किया जा रहा है।