सरूरपुर। कस्बा हर्रा में शुक्रवार शाम एक युवक की करतूत से कस्बे का माहौल बिगड़ने से बचा। शरारती युवक ने कस्बे के ही एक किसान के बछड़े को चुराकर उसका वध करके अवशेष जंगल में फेंक दिए। जिससे लोगों में रोष फैल गया। इस संबंध में पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की।
कस्बा हर्रा निवासी ताहिर पुत्र असलूप के घेर से शुक्रवार दोपहर बछड़ा चोरी कर लिया। उसे परिजन तलाश कर रहे थे। उन्हीं के खेत के समीप बछड़े के अवशेष मिले। इस बारे में पीड़ित ने बताया कि कस्बे के कुछ लोगों ने तालिब को बछड़े को खेड़ी की ओर जंगल में ले जाते हुए देखा था। इसके बाद पीड़ित आरोपी के घर पर पूछताछ करने गए तो परिजन गालीगलौज करने लगे। बछडे़ का वध किए जाने से रोष फैल गया। पीड़ित पक्ष ने सरूरपुर पुलिस को मामले की जानकारी दी। इस पर चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार पुलिस बल मौके पर पहुंचे। बछड़े के अवशेष हटाकर जमीन में दबाए। इस संबंध में पीड़ित ताहिर की ओर से तालिब के खिलाफ तहरीर दी गई। आरोप है कि उसके घर से बछड़ा चोरी किया और वध करके कस्बे का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली परंतु आरोपी हत्थे नहीं चढ़ सका। इस बारे में हर्रा चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी तालिब ने लगभग एक साल पहले भी इसी तरह की वारदात की थी। इससे कस्बे का माहौल खराब होने से बमुश्किल बचा था। वह चेयरपर्सन पति को धमकाने के आरोप में जेल जा चुका है।