ऑनलाइन गेम के दौरान हुई कहासुनी की रंजिश में दोस्त को मार डाला
नहटौर (बिजनौर)। गांव फुलसंदी में मोबाइल पर ऑनलाइन खेल खेलने के दौरान दो दोस्तों के बीच हुई कहासुनी एक रंजिश का रूप ले गई और शनिवार देर शाम एक युवक ने अपने भाइयों व पिता के साथ मिलकर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से प्रहार कर दोस्त को मार डाला। उसे बचाने आए उसके भाई शोभित और चाचा सतेंद्र को भी मारपीट कर घायल कर दिया।
मरने वाला युवक अमित गांव फुलंदी निवासी शूरवीर का पुत्र था। शूरवीर होमगार्ड और थाना कोतवाली देहात में तैनात है। मृतक के पिता ने घटना के संबंध में शिवम, उसके भाई शारदूल व शगुन, पिता ओमकार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। अमित और शिवम दोनों आपस में दोस्त थे और मोबाइल पर आपस में जुड़कर ओला पार्टी गेम खेलते थे। पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले दोनों की मोबाइल पर खेलने के दौरान आपस में कहासुनी हो गई थी। इस दौरान हुई गाली गलौज इनके बीत रंजिश का रूप ले गई थी। शनिवार की शाम को अमित गांव में एक ही दुकान पर गया था। दुकान पर अमित व शिवम के पिता ओमकार के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि ओमकार ने अमित के साथ मारपीट कर दी। बाद में रात करीब आठ बजे अमित मंदिर वाले तिराहे पर खड़ा था, तभी शिवम ने अपने भाइयों और पिता के साथ मिलकर अमित पर हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी घर से फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव मेें पुलिस तैनात कर दी गई है।
आठ दिन पहले दी थी धमकी
आठ दिन पूर्व शिवम अपने चार साथियों के साथ अमित के पास खेत पर पहुंच गया था। तब भी शिवम ने अमित को जान से मारने की धमकी दी थी। उस समय किसी तरह बीच बचाव हो गया था।
मोबाइल गेम से हुई थी रंजिश
कोतवाल जय कुमार के मुताबिक प्रथम दृष्टया मोबाइल गेम को लेकर पुरानी रंजिश मे हत्या होने की बात सामने आ रही है। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। प्रथम दृष्टया मोबाइल गेम के दौरान हुई रंजिश का मामला लग रहा है। जल्द आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।