-ग्रामीणों ने भोला झाल के पास गंग नहर पटरी मार्ग पर किया हंगामा
- पीड़ित संचालन ने जानी थाने में आरोपियों के खिलाफ दी तहरीर
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
जानीखुर्द। जानी थाना क्षेत्र अंतर्गत भोला झाल स्थित एक ढाबे पर मंगलवार रात पुलिसकर्मियों ने खाकी की गरिमा को तार-तार कर दिया। अंडा करी परोसने से मना करने पर कथित पुलिसकर्मियों ने ढाबा कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की और तोड़फोड़ की। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार सुबह कांवड़ मार्ग पर जमकर हंगामा किया। एसएसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दो आरक्षियों को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब दो बजे पांच-छह लोग गंग नहर कांवड़ पटरी मार्ग पर भोला झाल स्थित यशपाल सैनी ढाबे पर दो कारों से पहुंचे। इनमें से दो पुलिस की वर्दी में थे और अन्य सादे कपड़ों में। खुद को रोहटा थाने का सिपाही बताते हुए उन्होंने ढाबा संचालक यशपाल और उसके भाई सोनू से अंडा करी बनाने की मांग की। यशपाल ने मंगलवार का दिन होने के कारण अंडा बनाने से साफ इन्कार कर दिया। इसी बात पर भड़के आरोपियों ने दोनों भाइयों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने ढाबे में रखी कुर्सियां और अन्य सामान तोड़ दिया। आरोप है कि हमलावरों ने ढाबे से ही चाकू उठाकर सोनू पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना का वीडियो बनाने पर आरोपियों ने दोनों भाइयों के मोबाइल तोड़ दिए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
बुधवार सुबह जैसे ही यह खबर क्षेत्र में फैली, काफी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं ढाबे पर एकत्र हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने दोषी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी और निलंबन की मांग को लेकर कांवड़ मार्ग पर ढाबे के सामने हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने सड़क जाम करने का भी प्रयास किया। घटना की जानकारी पर जानी और रोहटा थाना प्रभारी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के समझाने पर ग्रामीणों ने जाम नहीं लगाया। जानी थाना प्रभारी ने हंगामे और घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। मौके पर मौजूद जानी थाना प्रभारी को पीड़ित यशपाल ने पूरी बात बताई। आरोप है कि रोटी बनाने वाले चिमटे से ही यशपाल उसके भाई को पीट दिया। काफी समझाने पर और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने हंगामा समाप्त किया।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों ने मिलकर ढाबा संचालक यशपाल और सोनू के साथ मारपीट करने की शिकायत मिली थी। आरोपी पुलिसकर्मी रोहटा थाने पर तैनात अमित कुमार और भारत को एसएसपी अविनाश पांडेय ने निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच बैठाई गई है। वहीं पीड़ित यशपाल ने भी जानी थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
-