मेरठ। रेलवे की-मैन विवेक चौहान हत्याकांड में मुंडाली थाना पुलिस को अभी कोई सफलता नहीं मिली है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके सीने में चाकू से एक जगह वार करने की जानकारी मिली है। सीने में चाकू घोंपने और इससे दायां फेफड़ा फटने के कारण उसकी मौत हुई। रास्ते की सीसीटीवी फुटेज में विवेक अकेला ही बाइक से जाता दिखाई दे रहा है। पुलिस घटनास्थल से आगे की फुटेज खंगाल रही है। मृतक के मोबाइल के अलावा परिजनों और परिचितों के मोबाइल फोन की डिटेल भी पुलिस जुटा रही है।
भावनपुर थाना क्षेत्र के लू-बक्सर गांव निवासी रेलवे विभाग में की-मैन के पद पर कार्यरत विवेक चौहान (28) की रविवार रात लगभग आठ बजे बदमाशों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। विवेक खरखौदा रेलवे स्टेशन पर कार्यरत थे। रोजाना की भांति रविवार शाम को भी वो बाइक द्वारा अपनी ड्यूटी पर खरखौदा जा रहे थे। मुंडाली थाना क्षेत्र में अजराड़ा चौराहे के पास बदमाशों ने विवेक चौहान के सीने पर चाकू से हमला किया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने घायल विवेक को मेरठ मेडिकल भिजवाया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी। उनके बड़े भाई रोहित ने मुंडाली थाने पर अज्ञात में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। परिजनों ने किसी से भी विवेक की रंजिश या परिवार की रंजिश होने से इंकार किया है। खुलासे के लिए मुंडाली थाने की पुलिस के साथ ही चार टीम लगी हैं लेकिन तीन दिन बाद भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल सकी है।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चाकू की एक ही चोट लगना आया है। सर्विलांस टीम मोबाइल फोन डिटेल निकाल रही है। सीसीटीवी फुटेज देखे जा रही है। मोबाइल फोन की सीडीआर रिपोर्ट मिलने पर वारदात के खुलासे में अहम मदद मिलेगी।