जानी खुर्द। कांवड़ सेवा शिविर के प्रारंभ पर हवन करते हुए फोटो संवाद
जानीखुर्द। गंगनहर कांवड़ मार्ग पर बृहस्पतिवार को गांव भूपगढ़ी के पास गांव कुराली के ग्रामीणों का 14वां कांवड़ सेवा शिविर भक्तिभाव और उत्साह के साथ शुरू हो गया। शिविर का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन से हुआ। अतिथियों और ग्रामीणों ने आहुतियां देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा शिवभक्त कांवड़ियों की सुगम यात्रा की कामना की।
हवन के पश्चात मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनिंदरपाल सिंह एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शिव कुमार राणा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शिविर का औपचारिक उद्घाटन किया। शिविर संचालक मनोज कुराली ने बताया कि सेवा शिविर महाशिवरात्रि के दिन तक निरंतर जारी रहेगा। शिविर में दूर-दराज से आने वाले कांवड़ियों के विश्राम के अलावा उनके लिए शुद्ध व स्वादिष्ट भोजन की निशुल्क व्यवस्था रहेगी। प्राथमिक चिकित्सा की 24 घंटे सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस मौके पर संदीप प्रधान, प्रदीप चौहान, दुष्यंत प्रधान, राकेश टिकरी, गुलाब, रविंद्र, रेवती, बुद्धप्रकाश, पवन चौधरी, सुभाष आदि मौजूद रहे।