सुभारती में आयोजित कार्यशाला में भाग लेते अतिथि व अन्य।
सुभारती में संस्कृति, सुरक्षा और दिव्यांग सशक्तिकरण पर कार्यक्रमों का आयोजन
मेरठ। सुभारती विश्वविद्यालय में संस्कृति, सुरक्षा और दिव्यांग सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए तीन महत्वपूर्ण आयोजन हुए। मंच कला विभाग ने एक्शन थ्रू म्यूजिक संस्था के साथ संगीत-नृत्य कार्यशाला आयोजित की, इसमें दिल्ली के कलाकारों ने मोहन वीणा, राग मधुवंती गायकी और कथक नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
सरस्वती वंदना से शुरू कार्यक्रम में डॉ. संघमित्रा चक्रवर्ती की पुस्तक इंडियन म्यूजिक इन द लाइट ऑफ वेदांत का विमोचन हुआ। विभागाध्यक्ष डॉ. भावना ग्रोवर ने व्यावहारिक संगीत शिक्षा पर जोर दिया। दूसरी ओर सुभारती विकलांगता परामर्श सेवा केंद्र ने शारीरिक शिक्षा विभाग के सहयोग से गांव सिंघावली में दिव्यांग सर्वेक्षण अभियान चलाया। डॉ. संदीप कुमार ने हरी झंडी दिखाई, जबकि दीपिका चौधरी और डॉ. अंकित जादौन के नेतृत्व में 19 छात्रों ने शिक्षा व लाभों की जानकारी दी। सुरक्षा सत्र में डॉ. निशा सिंह ने 87 छात्राओं को गुड टच-बैड टच के बारे में समझाया। डॉ. मंजू अधिकारी की संयोजन में डॉ. संदीप कुमार ने सशक्तिकरण की प्रेरणा दी। कुलपति प्रो. पीके शर्मा का सहयोग सराहनीय रहा।