फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कस्तला गांव में दौड़ा करंट, एक की मौत, चार झुलसे

Wed, 18 Oct 2017 11:58 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मेरठ
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
इंचौली थाना क्षेत्र के कस्तला गांव में मंगलवार शाम हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। इस दौरान एचटी लाइन का करंट गांव की बिजली की लाइन में दौड़ गया। करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार लोेग गंभीर रूप से झुलस गए। गुस्साए ग्रामीणों ने सैनी गांव के सामने रखकर मेरठ-पौड़ी मार्ग पर जाम लगा दिया। वाहनों में तोड़फोड़ कर आगजनी की भी कोशिश की।
विज्ञापन


घटना मंगलवार शाम करीब सात बजे की है। गांव के बाहर एचटी लाइन का तार टूट गया। इस दौरान गांव मेें अलग-अलग स्थानों पर दो ट्र्रांसफार्मरों में भीषण आग लग गई। गांव में बिजली के उपकरणों में हाईटेंशन लाइन का करंट दौड़ गया। करंट की चपेट में आने से दर्शन (30) पुत्र भीकम सिंह की मौत हो गई। युवक अपने घर में पंखे के तार जोड़ रहा था। वहीं, उमेश (15), एक महिला और एक ग्रामीण समेत चार लोग भी झुलस गए। एसओ इंचौली ने पीड़ितों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। किशोर की हालत नाजुक बनी है।

ग्रामीणों में फैला आक्रोश
बिजली विभाग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। दर्शन के शव को ट्रैक्टर ट्राली में रखकर ग्रामीण मवाना रोड पर सैनी गांव के सामने पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर एसडीएम सदर, एसपी देहात, सीओ सदर देहात कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीण दर्शन की पत्नी को सरकारी नौकरी, दस लाख रुपये की आर्थिक सहायता की मांग कर रहे थे। पुलिस अफसरों ने जाम खुलवाने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने एक ट्रक में तोड़फोड़ कर आगजनी की कोशिश की। बाद में एसडीएम ने किसी तरह ग्रामीणों को शांत कराया। सपा नेता अतुल प्रधान भी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। कहा कि जब तक आर्थिक सहायता नहीं मिल जाती, शव नहीं उठने दिया जाएगा। रात करीब 11:30 बजे पुलिस अफसरों ने जाम खुलवाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 
विज्ञापन


अतुल प्रधान ने की एसओ से अभद्रता
आरोप है कि सपा नेता अतुल प्रधान ने एसओ इंचौली पंकज शर्मा से गालीगलौज करते हुए सस्पेंड कराने की धमकी दी। अतुल प्रधान ने आरोप लगाया कि एसओ इंचौली की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। बाद में सीओ सदर देहात ने चेतावनी देकर अतुल प्रधान को वहां से हटाया। आरोप है कि पुलिस जीप के चालक सिपाही से भी अतुल प्रधान के समर्थकों ने हाथापाई कर दी।  

तीन घंटे जाम रहा मवाना रोड:
मेरठ-पौड़ी मार्ग पर रात करीब तीन घंटे तक जाम लगा रहा। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। पुलिस ने कमिश्नरी आवास चौराहे से वाहनों को डायवर्ट कर दिया। मसूरी तिराहे पर पुलिस ने बैरियर लगाकर वाहन दौराला की तरफ डायवर्ट किए।

...तभी करेंगे अंतिम संस्कार:
ग्रामीणों ने कहा कि यदि बुधवार दोपहर तक आर्थिक सहायता नहीं मिली तो वह पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। बाद में एसडीएम सदर ने आश्वासन दिया कि मामला उच्चाधिकारियों को बता दिया गया है। पुलिस प्रशासन पूरी मदद करेगा। परिजनों का रोकर बुरा हाल था। दर्शन की चार साल पहले परीक्षितगढ़ निवासी सीमा से शादी हुई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें