मंदी से जूझ रहे बाजार में इस बार धनतेरस पर जमकर धनवर्षा हुई। सुबह से देर रात तक शहर के सभी बाजारों में ग्राहकों की भीड़ रही। सुबह 10 बजे बाजार खुलते ही ग्राहकों का आना शुरू हो गया और रात 11 बजे तक बाजार में रौनक रही। ऑटोमोबाइल, सराफा, बर्तन, क्राकरी, इलेक्ट्रानिक्स, इलेक्ट्रिकल सहित अन्य सेगमेंट में जमकर खरीदारी हुई। मार्केट के जानकारों के अनुमान में इस बार धनतेरस पर इस बार करीब 700 करोड़ का कारोबार हुआ है।
ऑटोमोबाइल सेक्टर में हुई रिकार्ड बिक्री
धनतेरस पर सबसे ज्यादा धूमधड़ाका ऑटोमोबाइल सेक्टर में रहा। महीनों पहले बुकिंग कराकर धनतेरस के दिन लोग कार लेकर घर पहुंचे। मंगलवार को शहर की सड़कों पर दो हजार से ज्यादा दुपहिया वाहनों के बीच करीब 500 चौपहिया वाहन सड़कों पर उतरे। धनतेरस पर तुरंत खरीदने वाले कम और पहले से बुकिंग कराकर डिलीवरी लेने वालों की संख्या ज्यादा रही। देर रात तक शो रूम संचालक गाड़ियों को तैयार कराकर डिलीवरी देते रहे।
सराफा कारोबार में बिका सिक्का और गिन्नी
धनतेरस पर सराफा कारोबार भी पूरी तरह गुलजार रहा। लोगों ने शुभ के लिए चांदी और सोने के सिक्के खरीदने के साथ ज्वैलरी भी खरीदी तो बहुत से लोगों ने चांदी के बर्तन आदि के साथ लक्ष्मी व गणेश भगवान की चांदी से बनी मूर्तियां भी खरीदी।
बर्तन बाजार में आयी खनक
धनतेरस पर बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। ऐसे में बर्तन बाजार में भी रौनक नजर आयी। देर रात तक लोग स्टील के साथ तांबा और पीतल आदि के बर्तन भी खरीदते नजर आये। इसके साथ क्राकरी बाजार में भी गिफ्ट पैक से लेकर घर में प्रयोग होने के लिए आकर्षक क्राकरी के बर्तनों की भी जमकर बिक्री हुई।
इलेक्ट्रानिक व इलेक्ट्रिक बाजार हुआ रोशन
धनतेरस पर इलेक्ट्रिक बाजार भी रोशन रहा। लोगों ने वॉशिंग मशीन, फ्रीज, एलईडी सहित तमाम सामान खरीदे। वहीं युवाओं में मोबाइल और लैपटॉप आदि का क्रेज नजर आया।
कपड़े और फुटवियर भी खूब बिके
बाजार में खरीदारी करने आये लोगों ने कपड़े और जूते आदि में भी खूब दिलचस्पी दिखायी। इनके शो रूमों में भी ग्राहक जमकर सामान लेते नजर आये।
खरीदारी के बीच बाहर हुआ खाना पीना
धनतेरस हर वर्ग के व्यापारी के लिए अवसर लेकर आया। बाजारों में ग्राहकों ने खरीदारी के बीच रेस्टोरेंट आदि में खाना भी खाया। ऐसे में आबूलेन, बेगमपुल, दिल्ली रोड आदि के रेस्टोरेंट में भी देर रात तक भीड़ दिखायी दी।