नोट- हरदोई और दिल्ली के लिए ध्यानार्थ
बाइक से हरदोई निवासी तीनों कांवड़िये हरिद्वार जा रहे थे, हाईवे पर दादरी के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला (मेरठ)। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर कांवड़ यात्रा के दौरान दादरी गांव के पास रविवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में हरदोई जनपद निवासी एक कांवड़िये श्यामू की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी शनि और सुरेश अस्पताल में भर्ती हैं।
दौराला थाना पुलिस के अनुसार, हरदोई जिले के संडीला निवासी शनि पुत्र छुटके, श्यामू पुत्र मंदेश और सुरेश पुत्र सीमाराम गंगाजल लेने के लिए बाइक द्वारा दिल्ली से हरिद्वार जा रहे थे। रविवार देर रात एनएच-58 पर दादरी गांव के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सुभारती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां देर रात चिकित्सकों ने श्यामू को मृत घोषित कर दिया। वहीं शनि और सुरेश का उपचार चल रहा है। पुलिस ने कांवड़ियों के साथियों की मदद से मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी। सोमवार को पुलिस ने पंचनामा भरकर शव मोर्चरी भेज दिया।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिये अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उनकी बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
-