संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। कांवड़ यात्रा को लेकर एकीकृत केंद्रीय कंट्रोल एवं कमांड सेंटर आधुनिक कैमरों से लैस किया गया है। मेरठ जोन के समस्त जिलों के साथ-साथ गाजियाबाद को भी सम्मिलित करते हुए एकीकृत केंद्रीय कंट्रोल एवं कमांड सेंटर से जोड़ा गया है।
एसएसपी अविनाश पांडेय के अनुसार, कांवड़ मार्ग पर लगाए गए 250 सीसीटीवी कैमरे एआई इनेबल्ड तकनीक से युक्त है। इनमें कई अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध हैं। पिछले वर्ष चार करोड़ से अधिक कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं का आगमन हुआ था। इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक वृद्धि होने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को पहले से और बेहतर बनाया गया है। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए एक हजार से अधिक कांवड़ पुलिस मित्र भी बनाए गए हैं।
एसएसपी ने बताया कि उत्तराखंड, हरियाणा एवं दिल्ली सहित अन्य राज्यों के नोडल अधिकारियों द्वारा भी कांवड़ यात्रा से संबंधित आवश्यक सूचनाएं एवं इनपुट साझा किए जाएंगे। साथ ही आधुनिक तकनीक से लैस कैमरों के माध्यम से उपलब्ध लाइव फीड का भी आपसी समन्वय के साथ आदान-प्रदान किया जाएगा। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।