हापुड़-बुलंदशहर, अलीगढ़ के कांवड़ियों इस गंगनहर पटरी से गुजरते
फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। हापुड़-बुलंदशहर, अलीगढ़ और फिरोजाबाद के कांवड़ियों की सुरक्षा और सुलभ यात्रा के मेरठ प्रशासन ने इंतजाम किए है। डीएम डॉ. वीके सिंह का कहना है कि बहसूमा के बटावली से किठौर तक पहली बार 42 किमी गंगनहर अनूपशहर ब्रांच की पटरी पर लाइटें लगाईं, ताकि रात में भी कांवड़िये अपना सफर पूरा कर सके। इसी मार्ग पर पुलिस की ड्यूटी लगी है और वह लगातार गश्त कर रहे है।
जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि परीक्षितगढ़ से किठौर गंगनहर पटरी पर सिर्फ 10 किमी तक कांवड़ यात्रा के दौरान प्रतिवर्ष लाइट लगती थी। डीएम ने कांवड़ यात्रा का निरीक्षण किया था और तभी गंगनहर पटरी पर करीब 42 किमी तक लाइट लगाने के निर्देश दिए थे। पंचायत राज विभाग से लाइट लगाई है।
डीएम का कहना है कि कांवड़ियों के इस मार्ग पर पहली बार प्रशासन द्वारा विशेष फोकस किया गया है। दूसरे जनपदों से पुलिस फोर्स को बुलाकर इस मार्ग पर लगाया गया है। पहली बार सुरक्षा और सुलभ यात्रा के इंतजाम जिला प्रशासन ने किया है।
मेडा ने लगाए टॉवर, सीसीटीवी का कार्य शुरू
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) ने चौधरी चरणसिंह कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा उपाय लागू किए हैं। विभाग ने मार्ग पर टॉवर स्थापित करने का कार्य पूरा कर लिया है, जो आपातकालीन स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में सहायक होंगे। इसके साथ ही, इस महत्वपूर्ण मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य भी युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।