उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण की संयुक्त अध्यक्षता में मेरठ में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की गई। मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़, मुरादाबाद मंडलों के साथ-साथ उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी ऑनलाइन और प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए।
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण संपन्न कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने "शून्य दुर्घटना, शून्य घटना" का लक्ष्य रखते हुए मार्गों पर साफ-सफाई, स्वच्छता, चिकित्सा शिविर, बाइक एंबुलेंस और अस्पतालों में बेड आरक्षित रखने के निर्देश दिए।
साथ ही ट्रांसफार्मर की घेराबंदी (बैरिकेडिंग), रास्तों में बदलाव (डायवर्जन), सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी पर विशेष जोर दिया गया। बैठक से पहले मुख्य सचिव ने बाबा औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने कहा कि आपराधिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों या भ्रामक खबरों पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने उच्चतम न्यायालय के तय मानकों के अनुसार ही डीजे के संचालन और ध्वनि सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पड़ोसी राज्यों के साथ आपसी तालमेल और बेहतर समन्वय बनाकर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने पर भी बल दिया।
इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भानु भास्कर, मंडलायुक्त भानू चन्द्र गोस्वामी, जिलाधिकारी मेरठ डॉ. वीके सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पांडे सहित विभिन्न राज्यों व मंडलों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी देखें...
UP: मेरठ में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में फायरिंग, कार में मारी टक्कर, एक कार्यकर्ता घायल