मवाना। कांधला जैसा हादसा नगर में हो जाए तो कोई हैरानी की बात नहीं होगी। नगर में इस समय अवैध रूप से बिना किसी सुरक्षा मानकों के बड़े पैमाने पर पटाखे बनाने का कार्य चल रहा है। दो साल पहले पुलिस की छापे में बड़ी मात्रा में पकड़े गए पटाखों को भी आबादी के बीच एक गोदाम में रखा हुआ है।
जानकारी हो कि पुलिस ने लगभग दो साल पहले छापे में अवैध रुप से पटाखों का स्टाक पकड़ा था। जिसको कब्जे में लेकर बस स्टैंड पुलिस चौकी के पास रखा हुआ है। वहीं बीती दिवाली पर भी भारी मात्रा में आतिशबाजी का सामान पुलिस ने पकड़ा था। जिसको बिना किसी सुरक्षा के तहसील रोड स्थित सामुदायिक केंद्र पर रखा है। विशेष बात यह है कि गोदाम के पास में रैन बसेरा, प्राथमिक विद्यालय और आबादी क्षेत्र है। जिन कमरों में पटाखे रखे हैं उनकी खिड़कियां भी टूटी हुई हैं। जिसके चलते बड़ा हादसा होने का खतरा बना है। वहीं बड़े पैमाने पर अवैध रुप से पटाखे बनाने का काम नगर में आबादी के बीच तथा सठला गांव में हो रहा है। सठला गांव में कुछ साल पहले पटाखे बनाने के दौरान विस्फोट भी हो चुका है। इस सब के बावजूद प्रशासनिक अधिकारी ध्यान देने को तेयार नहीं है। इस संबंध में थाना प्रभारी का कार्य देख रहे नरेंद्र सिंह का कहना है कि पटाखों को नष्ट करने के लिए कई बार न्यायालय के समक्ष उपस्थित हुए हैं। पर आदेश नहीं मिल सका है। गोदाम की खिड़की ठीक कराई जाएंगी वहीं अवैध रूप से पटाखे बनाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।