कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के लाल मोहम्मदपुर गांव में दो दिन पूर्व कमलेश गुप्ता पत्नी अरविंद गुप्ता की घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने सोने के दो कंगन, एक चेन व एक जोड़ी कुंडल लूट लिए थे। वहीं आरोपी ने सेफ में रखे रुपये भी लूट लिए थे। मृतक के दामाद मयंक गुप्ता ने थाने पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की थी। मयंक ने पुलिस को बताया था कि उसकी सास ब्याज पर पैसे देने का काम करती थी। घटना के समय हिसाब किताब की डायरी के पन्ने फटे हुए थे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की थी। वहीं महिला के मोबाइल की सारी कॉल डिटेल भी डिलीट थी, जिसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज चेक किए थे। मृतक महिला के मोबाइल की सीडीआर के आधार पर पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले इरशाद नाम के युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
आरोपी पुताई का काम करता है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया ने हत्या की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर लूट का सामान भी बरामद कर लिया। सीओ दौराला अभिषेक पटेल कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
थाने पहुंचे मृतक महिला कमलेश गुप्ता के परिजन
- फोटो : Amar Ujala
ऑनलाइन गेम से हो गया था कर्ज
पुलिस पूछताछ में आरोपी इरशाद ने बताया कि उसे ऑनलाइन गेम खेलने की आदत है। वह ऑनलाइन गेम पर हजारों रुपए की बैटिंग लगता था, जिसके चलते उस पर लगभग ढाई लाख रुपए का कर्ज हो गया था। वही कर्जदार रोजाना पैसों के लिए परेशान कर रहे थे। जिस कारण वह लगातार परेशान चल रहा था। वह कई दिनों से महिला की रेकी कर रहा था। मौका मिलते ही आरोपी ने घटना को अंजाम दे दिया था।
ब्याज के पैसे देने के बहाने घर में घुसा था आरोपी
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने कमलेश गुप्ता से 20 हजार रुपए ब्याज पर लिए थे। वह ब्याज के पैसे देने के बहाने महिला के घर में घुसा था। जिसके बाद आरोपी ने महिला को ब्याज के एक हजार रुपए दिए थे। इसी बीच महिला पैसों का डायरी में हिसाब कर रही थी। मौका मिलते ही आरोपी ने बुजुर्ग महिला का गला दबा दिया था। जिस कारण महिला की दम घुटने से मौत हो गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने घर चला गया था।