- बृजविहार कॉलोनी से निकली यात्रा का कई जगह हुआ स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। बृज विहार काॅलोनी में श्रीमद्भागवत कथा से पूर्व मंगलवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसमें महिलाएं सिर पर कलश लेकर चलीं। डीजे की धुन पर श्रद्धालु कीर्तन करते रहे। महिलाओं ने श्रीकृष्ण के भजन गाए। कई जगहों पर यात्रा का स्वागत किया गया।
आयोजक पवन शर्मा ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन सात से से 14 जुलाई तक किया जाएगा। वृंदावन से पहुंचे कथावाचक चेतन महाराज श्रीकृष्ण की लीलाओं सहित भागवत के अन्य प्रसंगों का वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे। प्रतिदिन श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण का श्रवण कराया जाएगा। कलश यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शर्मा ने बताया कि श्रावण मास में भगवान शिव के गुणगान से पहले श्रद्धालुओं को इस कथा का अमृत पान करने का सौभाग्य मिलेगा। उन्होंने कहा कि भागवत कथा जीवन के कल्याण का मार्ग दिखाती है। इस कथा के प्रसंगों से प्रेरणा लेकर हमें अपने जीवन को बेहतर और मानव के लिए हितकारी बनाना चाहिए।