निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान जनपद में नौ उड़न दस्ते सक्रिय रहेंगे। जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में तीन तीन उड़न दस्ते लगाए गए हैं। एक उड़न दस्ते में एक मजिस्ट्रेट, वीडियोग्राफर, उपनिरीक्षक और तीन कांस्टेबल की नियुक्ति की गई है। एक उड़न दस्ता सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक भ्रमणशील रहेगा, जबकि उसके बाद दूसरी और तीसरी शिफ्ट में उड़न दस्ते बदलते रहेंगे। पुलिस की तरफ से उड़न दस्तों में शामिल पुलिसकर्मियों को थानावार चेकिंग करने का समय भी निर्धारित किया गया है।
स्टेटिक निगरानी टीम
उड़न दस्ते की तरह ही स्टेटिक निगरानी टीमों का गठन किया गया। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तीन स्टेटिक निगरानी टीम शिफ्ट के हिसाब से चेकिंग करेंगी। निर्वाचन कार्य पर प्रत्याशियों द्वारा चुनाव प्रचार में किए जा रहे कार्यक्रमों और खर्च पर निगरानी रखी जाएगी।
प्रत्याशियों के खर्च पर रहेगी नजर
निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्याशियों द्वारा किए जाने वाले खर्च के संबंध में रिकार्ड संकलित करने को लेखा टीम भी बनाई है, जिसका प्रभारी अनिल कुमार और सहायक लेखा प्रभारी राजकुमार तायल और डाटा एंट्री की जिम्मेदारी सरफराज को दी गई है। वहीं, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति बनाई गई है, जिसमें तीन एसडीएम और एक तहसीलदार को रखा गया है। केनरा बैंक के बैंक अधिकारी दीपक मुंडा को सहायक व्यय प्रेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। व्यय अनुवीक्षण सेल में मुख्य कोषाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार पांडेय को नोडल आफिसर, सहायक कोषाधिकारी रामशंकर को सहायक प्रभारी और वित्त एवं लेखाधिकारी राजेंद्र कुमार कौशिक को भी सहायक प्रभारी बनाया गया है।
वर्जन-
जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि उपचुनाव के लिए सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट के अलावा अन्य जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। अधिकारियों की नियुक्ति कर दी हैं। आदर्श आचार संहिता का पालन कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/