गोदामों पर लटके ताले, थाने के चक्कर लगा रहे कबाड़ी
सभी नए पार्ट्स विक्रेताओं ने जमा कर दिए कागजात, कबाड़ी नहीं दे सके ब्यौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सोतीगंज के कबाड़ियों के गोदामों पर तीसरे दिन भी ताले लटके रहे। 91 सीआरपीसी के नोटिस का जवाब एक भी कबाड़ी नहीं दे सका है। पुलिस ने भी स्पष्ट कर दिया गया है, जब तक जवाब और ब्यौरा नहीं देंगे, तब तक गोदाम खोलने नहीं दिया जाएगा। वहीं कबाड़ी थाने के चक्कर लगा रहे हैं, पुलिस ने इनका शपथ पत्र लेने से भी इंकार कर दिया है।
नए पार्ट्स की सभी दुकानें खुलीं
सोतीगंज में नए पार्ट्स बेचने वाले सभी दुकानदारों ने अपने शपथ पत्र और जीएसटी के कागजात जमा करा दिए हैं। सोतीगंज व्यापार संघ के अध्यक्ष रमन सहगल ने बताया कि करीब 48 दुकानें हैं, जिन्होंने अपने कागजात जमा करा दिए हैं। दुकानों को खोल लिया गया है।
हम जीएसटी के दायरे में नहीं आते
सोतीगंज में रहने वाली एक महिला सदर थाने पहुंची। उसने कहा कि हमारी आय दो लाख रुपये सालाना है। ऐसे में हम जीएसटी के दायरे में नहीं आते, तो रजिस्ट्रेशन क्यों कराए। उसने कहा कि उनके पिता की तबियत खराब है, बड़ी मुश्किल से नौकर दुकान खोलकर दो वक्त की रोटी के पैसे कमाकर देता है।