तमाम पाबंदियों के बाद भी कांवड़ यात्रा के दौरान जमकर डीजे बजा। इसकी वजह से शहर में सबसे ज्यादा ध्वनि प्रदूषण मोदीपुरम हाईवे, बेगमपुल चौराहे और आसपास के इलाकों में दर्ज किया गया। अन्य इलाकों में भी शोर का स्तर काफी बढ़ा हुआ आया है।
कांवड़ यात्रा के दौरान शासन और प्रशासन डीजे के शोर पर अंकुश नहीं लगा सका। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मिली ध्वनि प्रदूषण की रिपोर्ट पर नजर डालें तो जुलाई में जून माह के मुकाबले ध्वनि प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया। शहर में जहां भी ध्वनि प्रदूषण की जांच की गई, वहीं यह स्तर सामान्य से अधिक पाया गया।
यह रहा सबसे ज्यादा ध्वनि प्रदूषण
मोदीपुरम हाईवे स्थित चौहान मार्केट के सामने का इलाका कॉमर्शियल और संवेदनशील दोनों श्रेणियों में आता है। यहां स्कूल-कॉलेज और जीएम मोदी अस्पताल है। यहां ध्वनि प्रदूषण दिन में सामान्य से 42 डेसीबल तो रात में 40 डेसीबल ज्यादा दर्ज किया गया। आवासीय श्रेणी के पल्लवपुरम फेज-दो में यह दिन में 20, जबकि रात में 22 डेसीबल ज्यादा रहा। दूसरे स्थान पर रहे बेगमपुल चौराहे पर दिन में सामान्य से 18 और रात में 15 डेसीबल ज्यादा ध्वनि प्रदूषण रहा। कलक्ट्रेट स्थित डीएम ऑफिस पर दिन में ध्वनि प्रदूषण सामान्य से 29 और रात में 22 डेसीबल ज्यादा रहा। रेलवे रोड चौराहे पर भी यह सामान्य से 15 डेसीबल ज्यादा रहा। इसके अलावा कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली रोड समेत शहर का कोई ऐसा इलाका नहीं बचा, जहां ध्वनि प्रदूषण की मात्रा न बढ़ी हो।
इन बीमारियों का रहता है खतरा
ध्वनि प्रदूषण के कारण सबसे अधिक परेशानी दिल के मरीजों को होती है। तेज आवाज से कान के पर्दों को नुकसान होता है। इससे व्यक्ति अनिद्रा का भी शिकार हो सकता है। इसके असर से शरीर में बेचैनी बढ़ जाती है। सामान्य से अधिक ध्वनि मनुष्य में कई तरह के रोग पैदा कर सकती है।
जुलाई माह का ध्वनि प्रदूषण (डेसीबल में)
स्थान श्रेणी दिन रात
जीएम मोदी हॉस्पिटल संवेदनशील 92.4 81.7
पल्लवपुरम फेज-दो आवासीय 75.2 66.4
डीएम ऑफिस कलक्ट्रेट संवेदनशील 78.6 62.4
थापर नगर आवासीय 65.6 54.6
बेगमपुल कॉमर्शियल 82.9 70.1
आबूलेन कॉमर्शियल 68.9 60.4
रेलवे रोड क्रॉसिंग कॉमर्शियल 79.4 60.7
कैंट हॉस्पिटल संवेदनशील 65.7 57.3
जून माह में ध्वनि प्रदूषण (डेसीबल में)
स्थान श्रेणी दिन रात
जीएम मोदी हॉस्पिटल संवेदनशील 69.8. 55.2
पल्लवपुरम फेज-दो आवासीय 59.3 46.5
डीएम ऑफिस कलक्ट्रेट- संवेदनशील 70.1 54.6
थापर नगर आवासीय 62.5 50.1
बेगम पुल कॉमर्शियल 72.1. 51.6
आबू लेन कॉमर्शियल 66.5 55.6
रेलवे रोड क्रॉसिंग कॉमर्शियल 73.5 55.3
कैंट हॉस्पिटल संवेदनशील 58.9 50.3
स्टैंडर्ड लिमिट (डेसीबल में)
श्रेणी दिन रात
संवेदनशील 50 40
आवासीय 55 45
कॉमर्शियल 65 55
इंडस्ट्रियल 75 70
नोट: दिन में सुबह 6 से रात 10 बजे तक, रात में 10 बजे से सुबह 6 बजे तक है।