संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की ओर से कनिष्ठ सहायक (जूनियर असिस्टेंट) की मुख्य परीक्षा एक फरवरी (रविवार) को प्रदेश के नौ जिलों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए जिले में 38 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक एक पाली में होगी। आयोग और जिला प्रशासन ने नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
यह परीक्षा पेन-पेपर मोड (ओएमआर आधारित) होगी। इसमें 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न होंगे। अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक डाटा (फोटो और आईरिस स्कैन) और उपस्थिति पत्रक भरने के लिए पांच मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। केंद्राध्यक्ष के रूप में विद्यालय के प्रधानाचार्य या वरिष्ठ अध्यापक कार्यभार संभालेंगे जबकि सहायक केंद्राध्यक्ष के रूप में परीक्षा कार्य में दक्ष वरिष्ठ अध्यापक नियुक्त किए जाएंगे।
प्रश्नपत्रों और ओएमआर शीट्स के गोपनीय ट्रंक कोषागार से पुलिस सुरक्षा में केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे। सुबह 7:30 से 8:30 बजे के बीच लाइव सीसीटीवी निगरानी में सामग्री प्राप्त की जाएगी। कक्ष निरीक्षक व सपोर्ट स्टाफ को सुबह 7 बजे अनिवार्य रूप से रिपोर्ट करनी होगी। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ या कोई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों और स्टाफ की सघन तलाशी महिला-पुरुष कार्मिकों की ओर से की जाएगी।
परीक्षार्थियों को सुबह आठ बजे से मिलेगा प्रवेश
अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक होगा। इसके बाद मुख्य द्वार बंद हो जाएगा। हर अभ्यर्थी को डाउनलोड प्रवेश पत्र के साथ फोटोयुक्त मूल आईडी प्रूफ (जैसे आधार कार्ड) लाना अनिवार्य है। प्रत्येक कक्ष में अधिकतम 24 अभ्यर्थी बैठेंगे और दो निरीक्षक तैनात रहेंगे। ट्रंक पर तीन ताले लगे होंगे, जिसमें तीसरा नंबर लॉक सुबह 9:15 बजे एसएमएस/व्हाट्सएप से प्राप्त कोड से खुलेगा। 9:15 से 9:25 बजे तक स्ट्रांग रूम में ट्रंक खोलकर कक्षवार पैकेट तैयार किए जाएंगे। 9:45 से 9:55 बजे कक्ष में प्रश्नपत्र खोलने की प्रक्रिया दो अभ्यर्थियों के हस्ताक्षर से प्रमाणित होगी। परीक्षा 10 बजे शुरू होगी। अनुपस्थित अभ्यर्थियों की सामग्री 10:15 बजे तक पीले टेम्पर प्रूफ लिफाफे में सील की जाएगी। बायोमेट्रिक सत्यापन 10 से 11 बजे तक चलेगा। 11:50 बजे 15 मिनट शेष होने की घोषणा होगी और परीक्षा 12 बजे समाप्त होगी।