परीक्षा देकर दीवान स्कूल से निकलते छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
सीबीएसई बोर्ड का रिजल्ट आते ही अगले दिन स्टूडेंट्स ने आईआईटी में एडमिशन के लिए जेईई एडवांस दिया। शहर से करीब 700 स्टूडेंट्स ने तीन केंद्रों पर परीक्षा दी। इस साल टोटल नंबर में कमी आई है। वहीं पेपर पिछले साल से कुछ आसान होने की वजह से मेरिट हाई जाने की उम्मीद है। दूसरे पेपर में फिजिक्स टफ रहा। परीक्षा में कई बदलाव देखने को मिले। अब परीक्षार्थियों को रिजल्ट के लिए 12 जून का इंतजार है।
शहर में दीवान पब्लिक स्कूल, गाडविन पब्लिक स्कूल और डीएमए एडवांस का परीक्षा केंद्र बने थे। सुबह नौ से 12 और दोपहर दो से पांच बजे दो पेपर हुए। पिछले साल पहला पेपर 264 नंबर और दूसरा 240 नंबर का था। टोटल 504 था। जनरल की कटऑफ 25 प्रतिशत रही। इस बार पहले और दूसरे पेपर में 54-54 सवाल पूछे गए जो कि 186-186 नंबर के थे। द्रोणाचार्य कोचिंग इंस्टीट्यूट के निदेशक विजय अरोड़ा के मुताबिक पेपर पिछले साल से आसान था। कटऑफ हाई जाएगी। पांच जून को आंसर की आईआईटीज की वेबसाइट पर अपलोड हो जाएंगी। 12 जून को रिजल्ट घोषित होगा।
टॉपर्स का अच्छा रहा पेपर, 12 जून का इंतजार
सीबीएसई 12वीं में मेरठ की टॉपर अवंतिका राठौर ने रविवार को एडवांस दिया। एडवांस की वजह से अवंतिका ने अच्छे रिजल्ट को ठीक से एंज्वॉय नहीं किया। रिजल्ट देखने के बाद पढ़ने बैठ गई। अवंतिका के मुताबिक पेपर अच्छा हुआ है। पहला पेपर सही था। दूसरे पेपर में फिजिक्स थोड़ी टफ आई। सेलेक्शन की उम्मीद है।
आंसर की आने का इंतजार है। जिले में दूसरे रैंक लाने वाले रितिक बंसल की मेंस में 268 स्कोर था। उनका कहना है पेपर औसत था। दूसरे पेपर में फिजिक्स टफ थी। जिले में दूसरी रैंक हासिल करने वाले शशांक शर्मा का मेंस में 145 स्कोर था। उन्हें फर्स्ट पेपर में मैथ थोड़ा टफ लगा।