चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय को पिछले दो साल से जिस निरीक्षण का इंतजार था, वह सोमवार से शुरू हो रहा है। 14 साल बाद विवि में नैक (नेशनल एक्रीडेशन ऑफ एसेसमेंट काउंसिल) की पीयर टीम निरीक्षण करेगी। 13 सदस्य टीम चार दिनों तक विवि कैंपस में रहेगी। इस दौरान विभागों, लाइब्रेरी, लैब, हॉस्टल, ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया जाएगा। तीन टीमें बनाई गई हैं। 26 मई तक निरीक्षण चलेगा। विवि ने नैक के लिए व्यापक तैयारी की है।
तैयारी और परफोरमेंस नैक टीम की कसौटी पर होगी। विवि को ए ग्रेड मिलने की उम्मीद है। नैक टीम को एनसीसी कैडेट्स कुलपति कार्यालय के नीचे गार्ड ऑफ ऑर्नर देंगे। टीम में कुलपति, प्रति कुलपति और पूर्व कुलपति सदस्य के रूप में शामिल हैं। सबसे पहले कुलपति प्रो. एनके तनेजा करीब एक घंटे टीम के सामने विवि का प्रजेंटेशन देेंगे।
इसके बाद आईक्यएसी टीम के साथ बैठक होगी। सोमवार को टीम कार्य परिषद के सदस्यों के साथ मुलाकात करेगी। लंच के बाद विभागों का निरीक्षण शुरू हो जाएगा। विवि में 20 रेग्युलर विभाग हैं। सेल्फ फाइनेंस कोर्स का निरीक्षण रेग्युलर के साथ ही होगा। वहीं देर शाम नैक की टीम विवि पहुंच गई।
इनका निरीक्षण करेगी टीम
विभागों का निरीक्षण तीन दिन चलेगा। इसमें 20 रेग्युलर और सेल्फ फाइनेंस शामिल हैं। विभागों के अलावा केंद्रीय लाइब्रेरी, दो हॉस्टल (ब्वॉयज और गर्ल्स), नेताजी सुभाषचंद्र बोस प्रेक्षागृह, बृहस्पति भवन, कैंटीन, इलाहाबाद बैंक शाखा, कैंटीन, पोस्ट ऑफिस, डिस्पेंसरी, स्पोर्ट्स ग्राउंड, तपोवन शामिल है।
आंकड़ों में विश्वविद्यालय
कुल कॉलेज 824
मेडिकल कॉलेज 01
सेल्फ फाइनेंस कॉलेज 221
प्रोफेशनल इंस्टीट्यूट 527
एडेड कॉलेज 50
राजकीय कॉलेज 15
कैंपस का हाल
रेग्युलर विभाग 20
सेल्फ फाइनेंस कोर्स 34
कैंपस का एरिया 222 एकड़
प्रोफेसर 26
एसोसिएट प्रोफेसर 17
असिस्टेंट प्रोफेसर 08
रिसर्च प्रोजेक्ट वर्किंग 32
नौ जिलों में क्षेत्राधिकार
विवि का मेरठ और सहारनपुर मंडल के नौ जिलों में क्षेत्राधिकार है। विवि 2011 सेंसस के मुताबिक 22185562 जनसंख्या को कवर करता है।