54 केंद्रों पर सुरक्षा के इंतजाम, एसटीएफ का रहेगा पहरा
पीसीएस प्री की परीक्षा रविवार को 54 केंद्रों पर आयोजित की गई है। सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। नकल और सॉल्वर गैंग को लेकर एसटीएफ ने भी जाल बिछा दिया है। गोपनीय ढंग से एसटीएफ भी तैनात है। सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारियों ने सभी केंद्रों पर तैनात अधिकारियों को कड़े निर्देश देंगे। जिले में बनाए गए कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जा सकेगी।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज के द्वारा आयोजित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रा.) परीक्षा-2019 तथा सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रा.) परीक्षा-2019 आज होगी। परीक्षा के लिए मेरठ में 54 सेंटर बनाए गए हैं, जिसमें 25713 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 54 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के लिए एसपी देहात अविनाश पांडेय, एसपी सिटी एएन सिंह, एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी, एसपी क्राइम रामअर्ज को भी कड़े निर्देश दिए गए हैं। जोन और सेक्टर के अनुसार सभी एडिशनल एसपी कड़ी नजर रखेंगे।
परीक्षा केंद्र के आसपास कोई भी साइबर कैफे या फोटो स्टेट की दुकान नहीं खुलने दी जाएंगी। परीक्षा केंद्र के आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए साइबर और सर्विलांस की टीम भी लगाई गईं हैं। एसपी सिटी डॉ. एएन सिंह का कहना है परीक्षा केंद्रों पर थाना पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।