उपाध्याय वृषभानंद मुनि महाराज पहुंचे, पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारी अंतिम चरण में
- 5 दिसंबर को कलश-यात्रा और विश्व शांति महायज्ञ
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। शहर में उपाध्याय प्रवर वृषभानंद मुनि ससंघ का कमला नगर स्थित जैन मंदिर में मंगल प्रवेश हुआ। पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के लिए पहुंचे मुनिराज का बैंड, बाजे के साथ शोभायात्रा के साथ किया गया।
शोभायात्रा नई मंडी दिल्ली रोड से प्रारंभ होकर कमला नगर जैन मंदिर पहुंची। मार्ग में जगह जगह मुनिराज की मंगल आरती की गई और पुष्पवर्षा हुई।
मंदिर परिसर में महोत्सव चेयरमैन वीरेंद्र जैन, ऋषभ जैन, अजय जैन, प्रदीप जैन, दीपक जैन, आलोक जैन, संजय जैन, अभिनव जैन, संजीव जैन सहित साधु सेवा समिति के सभी सदस्यों ने 121 परिवारों द्वारा प्रासुक जल से मुनिराज का पाद प्रक्षालन कराया। मुनिराज ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं को 5 दिसंबर से प्रारंभ हो रहे पंचकल्याणक महोत्सव में भाग लेने की प्रेरणा दी।
असौड़ा हाउस, वीर नगर, सरस्वती लोक, पंजाबीपुरा आदि के श्रावक श्राविकाओं ने श्रीफल भेंट कर मुनि से अपने यहां आने का विनम्र आग्रह किया। बृहस्पतिवार को मुनिराज दिल्ली रोड रामलीला मैदान में वेदी शुद्धि के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके बाद सरस्वती लोक जैन मंदिर पधारेंगे।
5 दिसंबर को भव्य घट यात्रा कमला नगर मंदिर से शुरू होकर अयोध्यानगरी दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान पहुंचेगी। इसी के साथ पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महामहोत्सव एवं विश्व शांति महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ होगा। शाम को भजन संध्या में इंदौर के ख्यात भजन गायक श्री मयूर जैन अपनी मधुर प्रस्तुति देंगे।