आयकर विभाग सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता आरके जैन सहित उनके करीबियों की कुंडली खंगालने में जुटा है। इसमें जैन के साथ जुड़े करीबी ठेकेदार आयकर विभाग के रडार पर है। इसके पीछे कारण जैन के सरकारी आवास पर कुछ ठेकेदारों की टेंडर की व्यक्तिगत फाइलों का पाया जाना भी माना जा रहा है।
आयकर विभाग ने सोमवार को अधिशासी अभियंता आरके जैन के सरकारी आवास पर छापा मारा था। जिसमें 2.67 करोड़ रुपये की नगदी के साथ ही तीस किलो चांदी की ईंटें बरामद हुई थीं। इसमें 22 लाख रुपये जैन के सरकारी आवास और बाकी नगदी व चांदी सिंडिकेट बैंक के दो लॉकरों से बरामद हुई थी। इस दौरान आयकर विभाग को आवास से कुछ ऐसे दस्तावेज भी मिले, जो उनके दफ्तर में होने चाहिए थे। इन दस्तावेजों के साथ ही जैन के पुरानी पोस्टिंग और मेरठ पोस्टिंग के दौरान करीबी रहे ठेकेदारों पर आयकर विभाग की नजर है। आयकर विभाग के सूत्रों की मानें तो जैन की काली कमाई का बड़ा हिस्सा ठेकेदारों के पास भी सुरक्षित है। जो उनके खास माने जाते हैं। इसे लेकर उनके करीबियों में भी इस समय हलचल मची हुई है।