शारदा रोड स्थित महावीर जयंती भवन में होगा वृहद जैन महिला सम्मेलन
कहा-जैन समाज की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं होगी
संवाद न्यूूज एजेंसी
मेरठ। भारतीय जैन मिलन के कोर ग्रुप और अध्यक्ष मंत्रियों की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष वीर सुरेश जैन ऋतुराज ने कहा कि जैन तीर्थों की रक्षा के लिए 18 जनवरी की सुबह 10 बजे शारदा रोड स्थित महावीर जयंती भवन पर एक वृहद जैन महिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
जैन धर्मशाला में बुधवार को हुई बैठक में ऋतुराज ने कहा कि जैन समाज अपने तीर्थों की रक्षा के लिए एकजुट है। सम्मेलन में 1000 से अधिक महिलाएं भाग लेंगी और अपने तीर्थों की रक्षा के लिए हुंकार भरेंगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जैन समाज की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने सरकारों को चेतावनी दी कि उन्हें तीर्थों और साधु-संतों की सुरक्षा पर ध्यान देना होगा, अन्यथा जैन समाज अपनी वोट की ताकत का एहसास कराएगा।
बैठक में क्षेत्र के भारतीय जैन मिलन के राष्ट्रीय व क्षेत्रीय पदाधिकारियों, शाखा अध्यक्षों और मंत्रियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के उद्बोधन का समर्थन किया। सभी ने मिलकर 18 जनवरी 2026 को इस दिशा में सामूहिक रूप से आवाज उठाने का संकल्प लिया।