खरखौदा। राजकीय महिला महाविद्यालय में दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। आयोजन राष्ट्रीय इंस्टीट्यूट ऑफ सुरक्षा मैनेजमेंट एवं आदित्य बिड़ला ग्रुप के सौजन्य से प्राचार्य डॉ. नीलम सिंह की अध्यक्षता में मिशन शक्ति फेज पांच के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना एवं कॅरिअर काउंसलिंग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर अर्चना शर्मा द्वारा मुख्य वक्ता के रूप छात्राओं को सेबी गाइडलाइंस के बारे में जानकारी दी गई। अर्चना शर्मा ने निवेश से संबंधित जानकारी देकर छात्राओं को आर्थिक रूप से सशक्त होने के लिए जागरूक किया। प्राचार्य डॉ. नीलम सिंह ने महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए बताया कि आर्थिक रूप से सशक्त होना वर्तमान समय में अति आवश्यक है। संचालन डॉ. अंजलि शर्मा एवं डॉ. संदीप गुप्ता द्वारा किया गया। प्राचार्य डॉ. नीलम सिंह के मार्गदर्शन में डॉ. संदीप गुप्ता द्वारा छात्राओं को नशा मुक्ति अभियान में शपथ दिलाई गई।