मेरठ। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नए सिरे से जड़े जमाने का प्रयास कर रही है। मेरठ और आसपास के जिलों से करीब 20 साल से जासूसी के मामले में अभी तक 25 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसियों की पड़ताल में सामने आया है कि ये आरोपी अलग-अलग समय में मेरठ छावनी में आते-जाते रहे हैं। गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपियों से मेरठ छावनी से जुड़े गोपनीय दस्तावेज भी बरामद हो चुके हैं।
एंटी टेरेरिस्ट स्क्वाड (एटीएस) ने मंगलवार को हापुड़ निवासी पूर्व सैनिक सौरभ शर्मा को जासूसी के मामले में गिरफ्तार किया तो अन्य जांच एजेंसियां भी अलर्ट हो गई हैं। इससे पहले मेरठ के अलावा बुलंदशहर मुजफ्फरनगर और सहारनपुर से भी जासूसी के मामले में गिरफ्तारी हो चुकी हैं, जो देश की आंतरिक गतिविधियों और सेना से जुड़ी गोपनीय जानकारी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी को पहुंचाते थे। आईएसआई को सूचना भेजने में पकड़े पूर्व सैनिक से कई महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गई गईं हैं। पिछले 20 सालों में जो भी जासूस गिरफ्तार किए गए हैं, वह पश्चिमी यूपी में मेरठ और आसपास के जिलों में रहकर गोपनीय जानकारी भेजते थे।
संपर्क सूत्र तलाशने में जुटीं एजेंसी
हापुड़ निवासी पूर्व सैनिक सौरभ शर्मा की गिरफ्तारी के बाद इंटेलिजेंस और अन्य जांच एजेंसियां आरोपी के सहयोगियों की कड़ी से कड़ी जोड़ने में जुट गई हैं। आरोपी सौरभ का पूर्व में किस-किस से कनेक्शन रहा और वह कहां-कहां आता-जाता रहा, किससे मिलता रहा और उसके कौन-कौन संपर्क सूत्र हैं, ऐसे तमाम साक्ष्य जांच एजेंसियां तलाशने में जुटी हैं। मेरठ छावनी में वह पूर्व में आया था, इसको लेकर आर्मी इंटेलिजेंस भी अलर्ट है।
गिरफ्तार जासूसों की लंबी होती सूची
- 08 जनवरी 2021: यूपी एटीएस ने हापुड़ से पूर्व सैनिक सौरभ शर्मा को गिरफ्तार किया।
- 19 अक्तूबर 2018 - मेरठ कैंट का जवान कंचन पाकिस्तान को सूचना भेजते पकड़ा।
- 27 नवंबर 2015 - एसटीएफ ने मेरठ कैंट से आईएसआई एजेंट इजाज को गिरफ्तार किया।
- 16 अगस्त 2014 मेरठ से संदिग्ध आईएसआई एजेंट आसिफ अली गिरफ्तार।
- 10 जनवरी 2009 - सहारनपुर से आईएसआई एजेंट आमिर अहमद उर्फ भूरा गिरफ्तार।
- 12 दिसंबर 2008 - सीआरपीएफ कैंप में आतंकी हमले से जुड़े लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी फहीम अंसारी गिरफ्तार।
- 21 जून 2007 - बिजनौर में भारी मात्रा में आरडीएक्स के साथ हूजी के दो आतंकी गिरफ्तार।
- 23 अगस्त 2005 - लश्कर-ए-तैयबा के चीफ कोऑर्डिनेटर अबु रज्जाक मसूद का मुजफ्फरनगर कनेक्शन मिला।
- 10 मार्च 2005 मेरठ से खलील हुसैन शाह आईएसआई एजेंट गिरफ्तार।
- 18 अप्रैल 2004 को मेरठ से रूबी बेगम आईएसआई एजेंट गिरफ्तार।
- 14 मार्च, 2003- मुजफ्फरनगर से जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकी सज्जाद और इत्तफाकुल गिरफ्तार।
- 15 जुलाई 2002- मुजफ्फरनगर से एक आईएसआई एजेंट गिरफ्तार।
- 09 जुलाई 2002 - मुरादाबाद से हिज्बुल मुजाहिदीन से ताल्लुक रखने वाले पांच आतंकी गिरफ्तार।
- 21 जून 2002 - सेना के गोपनीय दस्तावेज मुहैया कराने वाले एजेंट को पकड़ा गया।
- 22 मार्च 2002- हापुड़ से लश्कर-ए-तैयबा के चार आतंकी पकड़े गए
- 08 जनवरी, 2002 - गाजियाबाद में एक आईएसआई एजेंट को मुठभेड़ में मार गिराया गया।
- 01 मई 2001 - सहारनपुर से आईएसआई का एक एजेंट पकड़ा गया।
- 30 अप्रैल 2001- पाकिस्तान से ट्रेंड एक आतंकी को हापुड़ के एक मदरसे से पकड़ा गया।