यूपी के मुजफ्फरनगर में सिंचाई विभाग के कर्मचारी ने खुद को कमरे में बंद कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह कर्मचारी के देर तक कमरे से बाहर न आने पर परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो वहां उसकी लाश फंदे से लटकी मिली। इस पर परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर लाश को फंदे से उतारकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। कुछ लोगों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने के चलते पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी अभिषेक उर्फ दीपक सिंचाई विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में तैनात था। उसकी पत्नी मुकेश रानी के अनुसार पति शराब पीने का आदी था। आरोप है कि आए दिन शराब के नशे में घर आकर परिजनों से मारपीट व बदसलूकी करता था। बुधवार रात भी अभिषेक शराब पीकर घर आया और एक कमरे में जाकर सो गया। इसके बाद पत्नी व उसका बेटा भी अलग कमरे में सो गए।
वहीं गुरुवार सुबह जब काफी देर तक भी अभिषेक कमरे से बाहर नहीं आया, तो पत्नी व उसके बेटे ने आवाज लगाकर दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। इसके बावजूद दरवाजा नहीं खुला। इस पर परिजनों ने कमरे की खिड़की खोलकर अंदर झांका तो उनके होश उड़ गए। अंदर अभिषेक की लाश फांसी के फंदे से लटकी हुई थी। यह देख परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़ दिया और लाश को फांसी के फंदे से नीचे उतारते हुए पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर नई मंडी हरशरण शर्मा ने लाश को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान कुछ लोगों ने अभिषेक की हत्या किए जाने की आशंका जाहिर की, जिस पर पुलिस ने इस पहलू पर जांच शुरू कर दी है। उधर, कर्मचारी की मौत से परिवार के सदस्यों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/