-पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा, भेजा जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र में 20 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर छह जुलाई की सुबह आईपीएल में बुकी का काम करने वाले सचिन शर्मा पर हुए जानलेवा हमले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। स्वाट टीम और मेडिकल थाना पुलिस की कार्रवाई में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे तीन आरोपियों करीमपुर निवासी सचिन, माखन नगर निवासी मयंक चौधरी व अछरोंडा गांव निवासी प्रविंद्र राणा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे के पाइप भी बरामद कर लिए।
बुढ़ाना गेट निवासी रुपांशी झा ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया था कि वह एक निजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर है। छह जुलाई को उनके पति सचिन शर्मा उन्हें कॉलेज छोड़ने के लिए आए थे। कॉलेज के 100 मीटर की दूरी पर तीन आरोपियों ने लोहे की पाइप से हमला कर दिया था। हमले में उसके दोनों हाथों में फ्रैक्चर हो गया था, जबकि घुटने और सिर में भी गंभीर चोट आई थी।
शुक्रवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सचिन आईपीएल में बुकी का काम करता है। उस पर उनके करीब 20 लाख रुपये उधार थे। वह रुपये देने में टाल-मटोल कर रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। आरोपियों ने युवक को घेरकर लोहे की पाइप से हमला कर दिया था। सीओ सिविल लाइन अजय कुमार यादव का कहना है कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।