समीर ने अंडर 14, 16, 19 खेला है। वर्ल्ड कप अंडर 19 टीम के लिए मुंबई में लगे कैम्प में भी उनका सलेक्शन हुआ था। इसके बाद वह रणजी ट्रॉफी खेलते आ रहे हैं। हाल ही में यूपी लीग में उन्होंने ऑलराउंड प्रदर्शन किया था। कानपुर की ओर से खेलते हुए उन्होंने 10 मैच में 455 रन बनाए, जिसमें 2 शतक थे। इस दौरान 35 छक्के लगाए थे। इसके बाद से उन पर सबकी नजर थीं।
इस बार आईपीएल में उनके सलेक्शन की सभी की उम्मीद थी। इसके बाद उन्होंने सय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। स्टेट अंडर 23 ए ट्रॉफी का फाइनल भी उन्होंने जिताया। फाइनल मैच में उन्होंने 85 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा उन्होंने इसी शृंखला में दो शतक भी जड़े थे। समीर को उनकी इसी मेहनत का फल मिला है।
पिता और कोच को दिया श्रेय, बोले-धोनी का साथ मिलेगा
समीर ने अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपने पिता हसीन और मामा व कोच तनकीब अख्तर को दिया। तनकीब ने हमेशा उन पर भरोसा बनाए रखा।
इसके लिए समीर ने उन्हें शुक्रिया कहा। समीर ने कहा कि आईपीएल में सलेक्शन के बाद उन्हें सभी बड़े खिलाडियों के साथ रहने का मौका मिलेगा। उनसे क्रिकेट की बारीकियां सीखने को मिलेंगी। वहीं एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी डेविड वार्नर द्वारा उन्हें बधाई देने पर समीर ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़कर उन्हें खुशी है। उन्हें महेंद्र सिंह धोनी का साथ मिलेगा जो उनके भविष्य के लिए और बेहतर होगा।
क्रिकेटर समीर रिजवी का परिवार
- फोटो : Amar Ujala
समीर रिजवी का आईपीएल में में किसी भी टीम के लिए खेलना उत्तर प्रदेश और मेरठवासियों के लिए गर्व की बात है। इसके लिए उन्हें बधाई। इससे सभी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा। ये उत्तर प्रदेश क्रिकेट के लिए भी गर्व की बात है। खुशी की बात है।
- युद्धवीर सिंह, डायरेक्टर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन
समीर के लिए लगीं 59 बोलियां
समीर के लिए 59 बोलियां लगीं। चेन्नई ने पहली बोली लगाई और गुजरात टाइटंस और चेन्नई के बीच बोली लगती रहीं। बीच में देहली कैपिटल ने भी एक बोली लगाई। समीर ने बताया कि पूर्व क्रिकेटर सुरैश रैना उन्हें 2011 में मेरठ में रणजी ट्रॉफी में मिले थे। रैना ने महंगा चश्मा दिया था। उन्होंने काफी सहयोग भी किया। समीर का कहना है कि उनके आइडल धोनी हैं।
समीर रिजवी का रिकॉर्ड
सूरत में आयोजित प्रतियोगिता में 8 मैचों में 336 रन, एक शतक, 2 अर्द्धशतक।
कूच विहार ट्रॉफी अंडर-19 वर्ग में 8 मैचों में 600 रन, 2 शतक, 4 अर्द्धशतक।
अंडर-16 में विजय मर्चेंट ट्रॉफी में 5 मैचों में 600 रन, 3 शतक।
क्रिकेटर शिवम मावी, Cricketer Shivam Mavi
- फोटो : अमर उजाला
सीना गांव निवासी शिवम को लखनऊ ने 6.4 करोड़ में खरीदा
मेरठ में मवाना के सीना गांव निवासी शिवम मावी को भी लखनऊ सुपर जॉइंट्स ने 6.4 करोड़ रुपये में खरीदा है। उनके लखनऊ की टीम में जाने पर मेरठ से नोएडा तक जश्न का माहौल है। शिवम की उम्र जब सात साल थी, तब उनके पिता पंकज मावी सीना गांव छोड़कर नोएडा शिफ्ट हो गए थे। शिवम मावी के लखनऊ में चयन होने पर विक्टोरिया पार्क के कोच संजय रस्तोगी और कोच शाहिद ने भी खुशी जताई है।